दैनिक जागरण 2010-09-07 फैजाबाद पुलिस महानिदेशक कर्मवीर सिंह ने सोमवार को यहां कहा कि अभी तक अयोध्या में भीड़ जुटने की कोई खुफिया सूचना नहीं है। कोर्ट के फैसले के बाद दोनों पक्षों की ओर से होने वाली प्रतिक्रियाओं की आशंका से सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। पुलिस को उपद्रवी तत्वों से सख्ती से निपटने का निर्देश दिया गया है। यह बातें उन्होंने त्यौहारों, पंचायत चुनाव और अयोध्या मुद्दे को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहीं। एक सवाल के जवाब में डीजीपी ने कहा कि 1992 जैसी भीड़ जुटने की संभावना नहीं है। फिर भी कानून-व्यवस्था की स्थित सुदृढ़ रहे, इस लिहाज से सुरक्षा प्रबंध किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई आयोजन को सकुशल निपटाने के लिए दो महीने से वह और उनके अधिकारी लगातार दौड़ लगा रहे हैं। पुलिस महानिदेशक दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हेलीकाप्टर से पुलिस लाइन्स स्थित हेलीपैड पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने वहां स्थित सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक किया। बैठक में मण्डलायुक्त राजीव कुमार, डीआईजी राजेश कुमार राय, डीएम एमपी अग्रवाल, एसएसपी आरकेएस राठौर, संभागीय खाद्य नियंत्रक डा. सुधाकर अदीब तथा पीएसी रेलवे व अन्य विभागों के अधिकारी शामिल रहे। बैठक में उन्होंने सुरक्षा के मामले में कोई कोताही नहीं बरतने की नसीहत दी। साथ ही कानून-व्यवस्था को हर स्थिति में चुश्त-दुरुस्त बनाये रखने का निर्देश दिया।
दैनिक जागरण 2010-09-07 फैजाबाद अयोध्या की सुरक्षा भले ही फुलप्रूफ होने के दावे किये जा रहे हों पर पुलिस ने उन किरायेदारों की पहचान और सत्यापन का कार्य गम्भीरता से नहीं कराया जिनको लेकर खुफिया तंत्र समय-समय पर सतर्क करता रहा है। जो हालात बन रहे हैं, ऐसे में कहीं अजनबी किरायेदार ही खतरा न साबित हों। 13 जून 2001 को अयोध्या में हनुमानगढ़ी मंदिर के निकट प्रेशर कुकर बम से तबाही मचाने की कोशिश की गयी थी। तबाही की इस साजिश का सूत्रधार लश्करे तैयबा का एरिया कमाण्डर इमरान था। इस खूंखार आतंकी ने किराये के दो मकानों में अपना ठौर बनाया था। वह आजमगढ़ में जिस किराये के मकान में ठहरा था, उसी पते पर ड्राइविंग लाइसेंस भी हासिल कर लिया था। उसका दूसरा ठिकाना अम्बेडकरनगर जिले का अहिरौली गांव था। वहां वह बतौर पेइंग गेस्ट रहकर महीनों गतिविधियों को अंजाम देता रहा। पांच जुलाई 2005 को अयोध्या के अधिग्रहीत परिसर पर हमला करने वाले आतंकियों ने भी किराये के मकान में पनाह ले रखा था। उन्होंने अम्बेडकरनगर जिले के शहजादपुर कस्बे में अपना ठौर बनाया था। यह आलम तब है जब केन्द्रीय खुफिया एजेंसियां यहीं नहीं, रेंज के सभी जिलों में किरायेदारों के सत्यापन के लिए बार-बार आगाह करती आ रही हैं। किरायेदारों के सत्यापन की बात करें तो अयोध्या के दो थानों कोतवाली अयोध्या व थाना रामजन्मभूमि पुलिस द्वारा महज 183 किरायेदारों का ही सत्यापन किया जा सका है। वहीं कोतवाली नगर पुलिस 185 तथा कैंट पुलिस महज 22 किरायेदारों का ही सत्यापन कर सकी है। इसके अलावा खण्डासा व रुदौली थाने की पुलिस द्वारा महज एक-एक किरायेदारों का ब्यौरा जुटाया जा सका है। वहीं पूराकलन्दर, गोसाईगंज, महराजगंज, रौनाही, कोतवाली बीकापुर, हैदरगंज, तारुन, इनायतनगर, कुमारगंज, मवई व पटरंगा पुलिस की प्रगति शून्य है। इस बाबत एसएसपी आरकेएस राठौर का कहना है कि किरायेदारों के सत्यापन की कार्रवाई चल रही है। यदि किसी मकान में अवांछित तत्वों के ठहरने की सूचना संज्ञान में आती है तो उनके मालिक के विरुद्ध भी कार्रवाई की जायेगी।
दैनिक जागरण 2010-09-07 फैजाबाद जच्चा-बच्चा सुरक्षा अभियान का सफलता पूर्वक संचालन करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंडलीय कार्यशाला का आयोजन गांधी सभागार में किया गया। कार्यशाला के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन की ओर से पूर्व जोन के कोआर्डीनेटर नियुक्त किए गए पूर्व महानिदेशक डा. सीबी प्रसाद ने कार्यशाला में मौजूद चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को अभियान की बारीकियों से अवगत कराया। डा. प्रसाद ने कहा कि जच्चा-बच्चा की सुरक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इनके संरक्षण में चलाए जाने वाले अभियान में बराबर की भागीदारी कर के हम मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को नियंत्रित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य को लेकर शुरु किए गए जच्चा-बच्चा सुरक्षा अभियान को सफल बनाने के लिए सभी को एक साथ सहयोग करना होगा। अभियान के संचालन के बारे में कार्यशाला में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों को विस्तृत जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि टीकाकरण को लेकर पूरी तरह सावधानी बरतें। जिस भी गांव में जाएं वहां की जनता के साथ-साथ ग्राम प्रधान को भी अभियान के लाभ के बारे में बताएं ताकि उनका भी परस्पर सहयोग मिल सके। अभियान के तहत टीकाकरण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले ग्राम प्रधान को भी पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लगन के साथ अभियान की गुणवत्ता को बरकरार रखते हुए अभियान का संचालन करें। उन्होंने कहा कि लोगों में जागरूकता की कमी के कारण प्रदेश में मातृ एवं शिशु मृत्युदर पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। टीकाकरण के प्रति भी लोगों में जागरुकता लाने तथा गांव-गांव उन्हें यह सुविधा देने के लिए यह अभियान राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन की ओर से शुरु किया गया है। कार्यक्रम का संचालन अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डा. ओपी वर्मा ने किया। कार्यशाला में अभियान के पूर्वी जोन के क्वालिटी मानीटर डा. गजराज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. आरए राय शर्मा, परियोजना निदेशक डा. एनके बनौधा, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. आरपी पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. आरके अग्रवाल सहित कई जिलों के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक उपस्थित थे।
दैनिक जागरण 2010-09-07 फैजाबाद श्रीरामजन्मभूमि न्यास के वरिष्ठ सदस्य व हिन्दुत्व के आतिशी प्रवक्ता डा. रामविलास दास वेदान्ती ने कहा कि अयोध्या नगर से सटे गांव शहनवां में मस्जिद का निर्माण कराया जाय तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी। इसके पीछे उन्होंने मस्जिद का नाम बाबर के नाम पर न रखने की शर्त भी रखी। वे सोमवार को परिक्रमा मार्ग स्थित अपने आश्रम हिन्दूधाम में अयोध्या विवाद के विभिन्न पहलुओं पर बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शहनवां में पहले से ही मीरबांकी की कब्र है। यह गांव सौहार्द के लिए चर्चित है। डा. वेदान्ती ने कहा कि शहनवां अयोध्या के पास होकर भी रामनगरी की पंचकोसी परिक्रमा मार्ग से बाहर है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम मर्यादा पुरुषोत्तम हैं। उन्होंने जटायु व निषादराज को गले लगाया, अपने शत्रु रावण का भी सम्मान किया। ऐसे महापुरुष की जन्मभूमि का विवाद देश के विकास में बाधक है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम सर्व व्यापक हैं, परं ब्रह्मा हैं। उनके संदेशों का पालन कर किसी भी देश व समाज को विषमताओं से मुक्त किया जा सकता है। डा. वेदान्ती ने यह भी कहा कि अयोध्या विवाद पर न्यायालय का फैसला आने के तत्काल बाद दिल्ली में श्रीराममंदिर निर्माण उच्चाधिकार समिति की बैठक होगी। इस बैठक में कोर्ट के निर्णय के बिन्दुओं का व्यापक अध्ययन करने के बाद ही कोई निर्णय होगा। हिन्दुत्व के आतिशी प्रवक्ता वेदान्ती ने कहा कि हिन्दू बहुत ही शांतिप्रिय है। हम किसी से भी संघर्ष की नहीं सोचते हैं पर अपनी धर्म-संस्कृति की रक्षा व विकास का हक हमें भी समान रूप से मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारों द्वारा धार्मिक समानता के अधिकार का पालन उचित ढंग से न कर हिन्दुओं का उत्पीड़न किया जा रहा है।
दैनिक जागरण 2010-09-06 फैजाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति पालोक बसु की पहल पर अयोध्या में रामकृष्ण मठ के लिए जमीन की तलाश शुरू कर दी गई है। इसके लिए जगन्नाथपुरी मठ के अभय आनन्द महराज व लखनऊ मठ के सुखद राम पांडेय ने बीते गुरुवार को अयोध्या के कई स्थलों का जायजा लिया। इसके बाद शहर के धारा रोड स्थित कालीबाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना करके पदाधिकारियों व अन्य लोगों के साथ विचार विमर्श किया। मठ के स्थापना के लिए श्री रामकृष्ण विवेकानन्द सेवाश्रम की स्थापना की गई है। संस्था की सचिव शोभा मित्रा ने बताया कि रामकृष्ण मठ का कोई स्थान अयोध्या में नहीं है, जबकि देश-विदेश में कई शाखाएं हैं, जिससे बड़ी संख्या में समर्थक जुड़े हैं। न्यायमूर्ति पालोक बसु ने इसी का जिम्मा उठाया है। इसी सिलसिले में न्यायमूर्ति ने गत 20 अगस्त को फैजाबाद आकर अयोध्या के कई प्रमुख लोगों ने बात-चीत की थी। 22 अगस्त को राजकीय अतिथिगृह में बैठक करके पदाधिकारियों का चयन भी किया गया। पदाधिकारियों को मठ के लिए बेहतर जमीन की तलाश के लिए कहा गया है। श्रीराम कृष्ण विवेकानन्द सेवाश्रम की गुरुवार को कालीबाड़ी में हुई बैठक में पुरी के अभय आनन्द महराज, लखनऊ के सुखद राम पांडेय, कालीबाड़ी मन्दिर के पुजारी दीपक मिश्र, सचिव शोभा मित्रा, अन्य पदाधिकारी सुजाय घोष, पीके राय, पीके चटर्जी, डा. दिलीप सिंह, कमलेश सिंह, उत्तम कुमार, प्रतीक रस्तोगी, मनोज मुखर्जी आदि ने अपने-अपने विचार रखे। अध्यक्ष डा. एलके सिंह जिले के बाहर होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो सके। बैठक के पहले परम्परागत तरीके से पूजा-अर्चना की गई
अयोध्या की सुरक्षा की समीक्षा करने आज आ रहे डीजीपी
दैनिक जागरण 2010-09-06 फैजाबाद अयोध्या मुद्दे को लेकर अब तक हुई तैयारियों की समीक्षा करने सोमवार को पुलिस महानिदेशक कर्मवीर सिंह यहां आ रहे हैं। उनका दौरा 10 सितम्बर का प्रस्तावित था लेकिन ईद के मद्देनजर परिवर्तित हो गया। डीजीपी के साथ पुलिस महानिरीक्षक कानून-व्यवस्था एपी महेश्वरी भी होंगे। दौरे को लेकर पुलिस व प्रशासनिक हलके में काफी हलचल है। रविवार का अवकाश होने के बावजूद समीक्षा बैठक की तैयारियां चलती रहीं। इसी क्रम में एसएसपी आरकेएस राठौर ने शहर के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। साथ ही कानून-व्यवस्था व अयोध्या के मुद्दे पर किये गये कार्यो का अवलोकन किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अयोध्या के विवादित स्थल का फैसला अगले हफ्ते आने की उम्मीद है। फैसले के बाद दोनों समुदायों की संभावित प्रतिक्रिया को ध्यान में रखकर अयोध्या समेत समूचे जिले में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किये जा रहे हैं। फैजाबाद व अम्बेडकरनगर के पुलिस, प्रशासन द्वारा क्या-क्या तैयारियां की गई हैं? इसे परखने के लिए डीजीपी सोमवार को दोनों जिलों का दौरा करेंगे। पहले वह हेलीकाप्टर से अम्बेडकरनगर जायेंगे। इसके बाद दोपहर करीब ढ़ाई बजे यहां पुलिस लाइन्स पहुंचेंगे। लंच के बाद वह अधिकारियों की बैठक लेंगे।
दैनिक जागरण 2010-09-06 फैजाबाद 2012 के विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों चयन करने आये पर्यवेक्षक शादीलाल बत्रा के सामने दावेदारों ने हाजिरी लगाई। समर्थकों के साथ पहुंचे भावी प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी के लिए तर्क भी दिये। वहीं कुछ नेताओं ने पर्यवेक्षक से कहा कि विधानसभा का प्रत्याशी स्थानीय होना चाहिए। उन्हें बाहरी उम्मीदवार किसी कीमत पर मान्य न होगा। फैजाबाद जिले की सीमा रामसनेहीघाट पर पहुंचने पर श्री बत्रा का जिलाध्यक्ष राजेन्द्र प्रताप सिंह की अगुवाई में स्वागत किया गया। इस मौके पर मवई चौराहे पर रुदौली विधानसभा के लिए मुनीर अहमद, दयानन्द शुक्ल, चौधरी शहरयार, कारिब करनी व शरद द्विवेदी ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। इसके बाद सोहावल चौराहे पर पहुंचे पर्यवेक्षक से बीकापुर विधानसभा के लिए इकबाल मुस्तफा, बृजमोहन सिंह, असद अहमद, महेश वर्मा व शेषनाथ दुबे ने चुनाव लड़ने के लिए अपने-अपने तर्क रखे। सरकिट हाउस पहुंचने पर शहर अध्यक्ष नाजिम हुसैन की अगुवाई में चुनाव पर्यवेक्षक का स्वागत किया गया। इस मौके पर सांसद निर्मल खत्री के साथ पार्टी नेताओं की बैठक ली। बैठक में बीकापुर विधानसभा से चुनाव लड़ने के लिए नाथबख्श सिंह, चन्द्रभान सिंह, रंजना सिंह, जहीर हसन व मधु पाठक ने दावेदारी जताई। वहीं गोशाईगंज सीट से अशोक सिंह, चेतनारायण सिंह व करमराज यादव तथा अयोध्या विधानसभा से शैलेन्द्रमणि पाण्डेय, गिरीशपति त्रिपाठी व उमेश उपाध्याय ने अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर टिकट दिये जाने की मांग की। इस मौके पर के के सिन्हा, करुणाकर मिश्र, अफजाल अहमद, वेद सिंह कमल व उग्रसेन मिश्र आदि मौजूद रहे।
दैनिक जागरण 2010-09-06 फैजाबाद जिलाधिकारी एमपी अग्रवाल द्वारा जिला स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान मनरेगा के तहत लक्ष्य से कम व्यय करने के कारण अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान बच्चों के टीकाकरण रजिस्टर को चेक करते हुए नियमित टीकाकरण को चेक करने तथा ग्राम पंचायत में नियुक्त सफाई कर्मी की 8 घंटे उपस्थित तथा सफाई कार्य का सत्यापन चेक करने के निर्देश भी दिये हैं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न बैठक में जिलाधिकारी श्री अग्रवाल द्वारा जिला विकास अधिकारी श्रीकृष्ण त्रिपाठी को मनरेगा के तहत ग्राम सभावार सबसे कम प्रगति वाले ब्लाक के खण्ड विकास अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिये हैं। शासकीय कार्य में उदासीनता बरतने पर अधिशाषी अभियन्ता लघु सिंचाई के विरूद्ध पत्र लिखने के निर्देश अर्थ एवं संख्याधिकारी को दिये गये है। जिला विद्यालय निरीक्षक श्री पटेल ने माध्यमिक स्तर पर एमडीएम के संचालन के बारे में बताया गया कि मासान्त तक बच्चों को एमडीएम देना प्रारम्भ कर दिया जायेगा। जिलाधिकारी श्री अग्रवाल ने बैठक के दौरान मुख्यमंत्री की घोषणाओं एवं शिलान्यासों, डा. अम्बेडकर ग्राम योजना, महामाया गरीब बालिका आशीर्वाद योजना, सावित्री बाई फुले बालिका समृद्धि योजना, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत बीपीएल एवं अन्त्योदय राशन कार्ड के सत्यापन अभियान, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग, विकलांग एवं अल्पसंख्यक विभाग की पेंशन, छात्रवृत्ति, शुल्क प्रतिपूर्ति, सहित अन्य योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। जिलाधिकारी ने चिकित्सा विभाग की योजनाओं में विशेषकर जननी सुरक्षा योजना, नियमित टीकाकरण, शैयया उपयोगिता, जिला चिकित्सालय, महिला चिकित्सालय, श्रीराम चिकित्सालय में नियुक्त सर्जन डाक्टरों द्वारा किये गये कार्य की विस्तार से समीक्षा भी की। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ब्रह्मानंद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. आरए राय शर्मा, डीपीएम डा. एनके बनौधा, प्रभागीय वनाधिकारी ओपी सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए अजय प्रकाश, अर्थ एवं संख्याधिकारी राजेश कुमार, एडीडीओ समाज कल्याण श्रीकृष्ण त्रिपाठी अधिशाषी अभियंता विद्युत इं. एके वर्मा, एवं इं. मनोज सोनकर समेत विभिन्न अधिकारी उपस्थित थे।
दैनिक जागरण 2010-09-06 फैजाबाद प्रदेश में शिक्षकों के लाखों पदों के रिक्त होने की वजह से शिक्षा की दयनीय स्थिति का हवाला देने वालों को शिक्षामित्रों ने करारा जवाब दिया है। शिक्षामित्रों ने पूर्ण कालिक शिक्षण कार्य करने की बात कहते हुए फिर से पूर्ण शिक्षक बनाये जाने की मांग दोहराना शुरू कर दी है और इसके लिए व्यापक समर्थन और आन्दोलन दोनों की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्राथमिक शिक्षामित्र संघ ने आन्दोलन को धार देते हुए शिक्षक दिवस पर प्रदर्शन कर मानव संसाधन विकास मंत्री को एक सूत्रीय मांगपत्र भेजकर पूर्ण शिक्षक बनाये जाने की पुरजोर मांग की है। प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के आह्वान पर संघ के जिलाध्यक्ष दुर्गेश मिश्र के नेतृत्व में तिकोनिया पार्क पर सैकड़ों शिक्षामित्रों ने आज प्रदर्शन किया। शिक्षामित्रों ने मुख्यमंत्री व मानव संसाधन मंत्री का पुतला फूंका।
शिक्षामित्रों को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष श्री मिश्र ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकारें शिक्षामित्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद कर कार्य समान पद, वेतन के आधार पर स्थायी शिक्षक का दर्जा देकर प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करें। श्री मिश्र ने कहा कि तथाकथित संघ खोखला समर्थन देकर शिक्षामित्र भाई बहनों को गुमराह करना बंद करें। संघ के सोहावल ब्लाक अध्यक्ष परवेज अहमद ने कहा कि हमारा संघ जाति और धर्म नहीं शिक्षामित्रों की समस्याओं और उनके निवारण की राजनीति करता है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष व बीआरसी मसौधा दिनेश कांत पाण्डेय ने शिक्षामित्रों के स्थायी अध्यापक बनने के सपने को साकार करने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। शिक्षामित्रों की सभा को संघ के मीडिया प्रभारी आशीष श्रीवास्तव व जनसूचना केन्द्र के संचालक शिवाकान्त शुक्ला ने भी धरने को सम्बोधित किया। धरने में मिल्कीपुर प्रभारी ओमप्रकाश गुप्ता, अमानीगंज प्रभारी राजेश तिवारी, मसौधा प्रभारी शिवकुमार यादव, तारुन प्रभारी अजीत यादव, मया प्रभारी मुनीष वर्मा, रुदौली प्रभारी मो. मोबीन, मवई प्रभारी अमरनाथ गुप्ता, बीकापुर प्रभारी राजेश कुमार के अलावा रामतीर्थ बनौधिया, परवेज अहमद, प्रवीण सिंह, शिवानन्द तिवारी, तिलकराम निषाद, कुलदीप कान्त शुक्ला, मुकेश यादव, रामगरीब, राकेश वर्मा, कमलेश, रत्नेश पाण्डेय समेत सैकड़ों की संख्या में पुरुष व महिला शिक्षामित्र मौजूद रहे
दैनिक जागरण 2010-09-05 फैजाबाद अयोध्या मुद्दे पर कोर्ट के फैसले के मद्देनजर शनिवार को प्रशासन स्तर से की गई सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इसके लिए पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश कुमार राय, डीएम एमपी अग्रवाल व एसएसपी आरकेएस राठौर ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों तथा थानाध्यक्षों की बैठक की। बैठक में शासन स्तर से सुरक्षा के बाबत दिये गये निर्देशों के अनुरूप तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान फोर्स के ठहराने, महत्वपूर्ण स्थलों की सुरक्षा व अस्थाई जेलों की व्यवस्था तथा शरारती तत्वों व सहयोगियों को सूचीबद्ध किये जाने की जानकारी ली गई। खबर है कि सुरक्षा तैयारियों को परखने आगामी दस सितम्बर को प्रमुख सचिव (गृह) व डीजीपी कर्मवीर सिंह भी आयेंगे। पुलिस लाइन्स सभागार में हुई सुरक्षा सम्बन्धी बैठक में सबसे पहले डीआईजी मातहतों से मुखातिब हुए। उन्होंने एक-एक बिन्दुओं की सिलसिलेवार समीक्षा की। उन्होंने जागरण को बताया कि तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। फोर्स को हर पल अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि शरारती तत्व चिन्हित कर लिये गये हैं। उन्हें पहले समझाने का निर्देश दिया गया। यदि फिर भी हरकतें नहीं बंद हुई तो कठोर कार्रवाई का निर्देश दिया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक ने बताया कि सुरक्षा के लिए रेंज को नौ कम्पनी पीएसी मिली थी जिसे सभी जिलों में बांट दिया गया है। बैठक के बाद डीआईजी ने शहर के मुन्नालाल मदनलाल विद्यालय में स्थित पीएसी कैम्प का निरीक्षण किया। इसके बाद डीएम एमपी अग्रवाल व फिर एसएसपी आरकेएस राठौर ने बैठक ली। दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा के प्रति पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को आगाह किया। एसएसपी ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा हमारी ड्यूटी है